home page

328 लीटर विदेशी शराब बरामद, लग्जरी कार जब्त, चालक फरार

 | 
328 लीटर विदेशी शराब बरामद, लग्जरी कार जब्त, चालक फरार


किशनगंज, 19 अगस्त (हि.स.)। जिले में शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए 328 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान शराब लदी एक लग्जरी कार को भी जब्त किया गया। हालांकि, जांच टीम को देखते ही कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। उत्पाद विभाग की टीम फरार तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है।

जानकारी के अनुसार उत्पाद निरीक्षक मोहम्मद हैदर अली और उत्पाद निरीक्षक संगम कुमार विद्यार्थी के संयुक्त नेतृत्व में किशनगंज शहर के लहरा चौक पर जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान टीम की नजर एक संदिग्ध लग्जरी कार पर पड़ी। टीम ने कार संख्या बीआर01एचवी4462 को रुकने का इशारा किया।उत्पाद विभाग की टीम को देखते ही चालक ने कार रोकने के बजाय वाहन को मौके पर छोड़ दिया और भाग निकला। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के अंदर अलग-अलग कार्टन में रखी कुल 328 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी। शराब बरामद होने के बाद विभाग ने कार को भी जब्त कर लिया।

उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जब्त वाहन के कागजात और रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक और फरार चालक की पहचान की जा रही है। मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उत्पाद निरीक्षक मोहम्मद हैदर अली ने बताया कि जिले में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए सीमावर्ती इलाकों के साथ-साथ प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर जांच अभियान तेज किया गया है।

वहीं, उत्पाद निरीक्षक संगम कुमार विद्यार्थी ने बताया कि फरार तस्कर की पहचान के लिए वाहन से संबंधित सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। आरोपी की पहचान होने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह