काजलामनी चौक पर विदेशी शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
किशनगंज, 03 अगस्त (हि.स.)। उत्पाद विभाग ने सोमवार को कोचाधामन थाना क्षेत्र के काजलामनी चौक के समीप बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से 320.30 लीटर विदेशी शराब बरामद की।
मौके से मधेपुरा जिले के रहने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपित को भी नामजद करते हुए उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अंशु कुमार एवं भूषण कुमार के रूप में हुई है। उत्पाद थाना में कांड संख्या 834/26 दर्ज कर दोनों समेत तीन आरोपितों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उत्पाद थानाध्यक्ष संगम कुमार विद्यार्थी ने बताया कि कार्रवाई उत्पाद अधीक्षक दीपक कुमार मिश्रा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत की गई। विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल के रामपुर से विदेशी शराब की बड़ी खेप किशनगंज के रास्ते सुपौल जिले के पिपरा पहुंचाई जा रही है।
सूचना के आधार पर टीम ने ब्लॉक चौक से जुड़े मार्ग पर निगरानी शुरू की। इसी दौरान रामपुर की ओर से आ रही संदिग्ध कार को कोचाधामन थाना क्षेत्र के काजलामनी चौक के पास रोककर तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान कार से 320.30 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई, जिसके बाद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में उत्पाद थाना लाकर वाहन की भी गहन तलाशी ली गई।
उत्पाद थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वे पहले भी शराब तस्करी में शामिल रहे हैं या नहीं तथा इस खेप को किसे सौंपा जाना था।
उन्होंने कहा कि डीएम एवं उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर जिले के चेकपोस्टों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर शराब तस्करी के खिलाफ लगातार सघन जांच अभियान जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

