home page

सुपौल में 29 नए पीडीएस डीलरों को मिला लाइसेंस, डीएम ने पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

 | 
सुपौल में 29 नए पीडीएस डीलरों को मिला लाइसेंस, डीएम ने पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश


सुपौल, 26 जून (हि.स.)। जिले की जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) को अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है।

समाहरणालय परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी सावन कुमार और अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन ने 29 नवनियुक्त जनवितरण प्रणाली विक्रेताओं को अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) प्रदान किया।नवनियुक्त डीलरों में वीरपुर अनुमंडल के 14 और सुपौल अनुमंडल के 15 विक्रेता शामिल हैं।

इस अवसर पर अधिकारियों ने सभी नवचयनित विक्रेताओं को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने की अपील की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि 29 नए पीडीएस विक्रेताओं के जुड़ने से जिले की जनवितरण प्रणाली को मजबूती मिलेगी। इससे लाभुकों तक खाद्यान्न वितरण की प्रक्रिया में तेजी आएगी और लोगों को योजनाओं का लाभ अधिक सुगमता से मिल सकेगा।

जिलाधिकारी सावन कुमार ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी पीडीएस विक्रेता सरकारी नियमों और निर्धारित मानकों का अक्षरशः पालन करें। उन्होंने वितरण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

डीएम ने कहा कि जनवितरण प्रणाली सरकार की एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक समय पर खाद्यान्न पहुंचाना है।

उन्होंने दोहराया कि किसी भी पात्र लाभुक को उसके अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए और सभी डीलर यह सुनिश्चित करें कि खाद्यान्न वितरण निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से हो।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र