home page

केलटेक्स चौक के पास 24 लाख रुपये बरामद, आयकर विभाग कर रहा जांच

 | 
केलटेक्स चौक के पास 24 लाख रुपये बरामद, आयकर विभाग कर रहा जांच


किशनगंज, 27 मई (हि.स.)। सदर थाना पुलिस ने बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए केलटेक्स चौक के पास वाहन जांच के दौरान एक व्यक्ति के पास से 24 लाख रुपये नकद बरामद किए।

मामले की जांच अब आयकर विभाग की टीम कर रही है। जानकारी के अनुसार, सदर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बंगाल की ओर से एक व्यक्ति भारी मात्रा में नकदी लेकर किशनगंज आ रहा है। सूचना के बाद पुलिस ने वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान धर्मपुर की ओर से आ रहे एक वाहन को चेक पोस्ट पार करने के बाद केलटेक्स चौक के समीप रोककर जांच की गई।

जांच के दौरान वाहन से 24 लाख रुपये नकद बरामद होने के बाद पुलिस वाहन और संबंधित व्यक्ति को सदर थाना ले आई। मामले की सूचना तत्काल आयकर विभाग को दी गई, जिसके बाद विभागीय टीम जांच में जुट गई है।

प्रथम दृष्टया बरामद राशि किसी व्यापारी की बताई जा रही है, हालांकि आयकर विभाग की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। सदर थानाध्यक्ष निसार अहमद ने बताया कि बरामद रुपये किस उद्देश्य से ले जाए जा रहे थे, इसकी जांच की जा रही है। आयकर विभाग को सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। इधर, सूचना मिलने पर एसडीपीओ वन खुसरू सिराज भी सदर थाना पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह