home page

सुपौल में दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर, कांवड़ियों समेत छह युवक घायल

 | 
सुपौल में दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर, कांवड़ियों समेत छह युवक घायल


सुपौल में दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर, कांवड़ियों समेत छह युवक घायल


सुपौल, 03 अगस्त (हि.स.)। जिले के रतनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नरपतपट्टी चौक के पास सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में छह युवक घायल हो गए।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा सभी घायलों को तत्काल राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया।

घायलों में भीमनगर थाना क्षेत्र के रोशनाथपुर निवासी 26 वर्षीय वेणीकिशोर साह, 32 वर्षीय भूपेंद्र कुमार, लालपुर वार्ड-14 निवासी 22 वर्षीय पंकज कुमार तथा रतनपुरा थाना क्षेत्र के लालमेनपट्टी वार्ड-2 निवासी 20 वर्षीय गुरु कुमार यादव, 19 वर्षीय बिहरा यादव और श्रीचंद शामिल हैं।

बताया गया कि वेणीकिशोर साह, भूपेंद्र कुमार और पंकज कुमार एक बाइक से भीमनगर से भपटियाही की ओर जा रहे थे। वहीं गुरु कुमार यादव, बिहरा यादव और श्रीचंद धरहारा स्थित बाबा भीमशंकर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर कांवड़ यात्रा से लौट रहे थे। इसी दौरान नरपतपट्टी चौक के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। कांवड़ियों की बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक युवक सड़क किनारे गिरने से अपेक्षाकृत कम घायल हुआ। दूसरी बाइक पर सवार तीनों युवक भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

रेफरल अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ. संजीव कुमार द्विवेदी ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। इनमें पांच की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि एक घायल की स्थिति सामान्य है।

रतनपुरा थानाध्यक्ष पिंटू कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त दोनों बाइकों को परिजन अपने साथ ले गए। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र