1.49 लाख पेंशन लाभुकों के खाते में पहुंची 18.24 करोड़ की राशि
किशनगंज, 10 सितंबर (हि.स.)। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत किशनगंज जिले के 1,49,806 लाभुकों के बैंक खातों में गुरुवार को डीबीटी के माध्यम से अगस्त 2026 की पेंशन राशि हस्तांतरित की गई। प्रत्येक लाभुक को 1,100 रुपये की दर से कुल 18 करोड़ 24 लाख 93 हजार 200 रुपये भेजे गए।
राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री बिहार सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में पेंशन राशि अंतरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका लाइव प्रसारण किशनगंज समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष में किया गया। राज्य के 1,05,67,975 सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभुकों के खातों में अगस्त माह की पेंशन के रूप में कुल 12 अरब 33 करोड़ 86 लाख 79 हजार 800 रुपये डीबीटी के जरिए भेजे गए। वर्तमान में राज्य में छह प्रकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं संचालित हैं। इनके माध्यम से वृद्धजन, विधवा, दिव्यांगजन सहित समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम की शुरुआत वरीय उप समाहर्ता सह सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग श्रीति कुमारी ने की। उन्होंने योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अब प्रत्येक माह की 10 तारीख को पेंशन की राशि लाभुकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। इससे लाभुकों को समय पर पेंशन राशि मिलने में सुविधा होगी।
मौके पर डीएम नवीन कुमार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं कमजोर वर्गों को आर्थिक सुरक्षा देने के साथ उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने में सहायता प्रदान करती हैं।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। जिला प्रशासन ने लाभुकों से अपील की कि जिनका जीवन प्रमाणीकरण या आधार सीडिंग अब तक नहीं हुआ है, वे जल्द से जल्द इसे पूरा करा लें। इससे पेंशन राशि का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जा सकेगा। कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा कोषांग के पदाधिकारी-कर्मी और बड़ी संख्या में पेंशन लाभुक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

