एसएसबी और बथनाहा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गांजा और कार जब्त
अररिया 04 सितम्बर(हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल की 56वीं वाहिनी और बथनाहा थाना पुलिस ने एक संयुक्त विशेष नाका अभियान के दौरान भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ जब्त करने में सफलता हासिल की है।
गुप्त सूचना के आधार पर एसएसबी 56वीं वाहिनी की एफ समवाय जोगबनी और बथनाहा थाना पुलिस के संयुक्त नाका दल ने बीती मध्य रात्रि सीमा स्तंभ संख्या 182 के पास सोनापुर क्षेत्र में भारतीय सीमा में लगभग 1.8 किमी अंदर यह कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान नेपाल की ओर से आ रही एक संदिग्ध सफेद रंग की मारुति सुजुकी डिजायर कार संख्या बीआर 38 क्यू 5406 की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन के भीतर से काली पॉलिथीन में पैक किए गए गांजे के 6 बंडल बरामद किए गए, जिनमें कुल 180 किलो गांजा मौजूद था। मादक पदार्थ जांच किट के माध्यम से बरामद सामग्री की पुष्टि की गई।
इस संयुक्त अभियान में एसबीसी के चार कार्मिक तथा बथनाहा थाना के थानाध्यक्ष राजगीर कुमार,होमगार्ड जवान नंद किशोर और डीएपी मनीष कुमार शामिल थे।
जब्त की गई गाड़ी और 180 किलोग्राम गांजे को अग्रिम कानूनी कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज कराने हेतु बथनाहा पुलिस थाने में जमा किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

