home page

वाहन जांच में 177 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
वाहन जांच में 177 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार


किशनगंज, 15 जुलाई (हि.स.)। सीमावर्ती किशनगंज जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पाठामारी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।अमलझाड़ी पेट्रोल पंप के समीप वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक डस्टर कार से 177 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इस मामले में पश्चिम चंपारण जिले के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार, पाठामारी थानाध्यक्ष गंगा गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम अमलझाड़ी पेट्रोल पंप के पास सघन वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान पश्चिम बंगाल की ओर से आ रही मेंहदी रंग की एक संदिग्ध डस्टर कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में विशेष तरीके से छिपाकर रखी गई 177 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।

पुलिस ने मौके पर ही कार जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम चंपारण जिले के रोहित बिंद एवं विवेक कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शराब की खेप पश्चिम बंगाल से बिहार के विभिन्न हिस्सों में तस्करी के उद्देश्य से लाई जा रही थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और शराब की आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने में जुटी है।

एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह ने बताया कि नियमित वाहन जांच अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। बरामद शराब और वाहन को जब्त कर लिया गया है तथा गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए नियमित वाहन जांच अभियान जारी रखने की बात कही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह