home page

कटनी में 162 बच्चों का रेस्क्यू, बाल मजदूरी के लिए मुंबई ले जाए जा रहे थे

 | 
कटनी में 162 बच्चों का रेस्क्यू, बाल मजदूरी के लिए मुंबई ले जाए जा रहे थे


किशनगंज, 25 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी रेलवे स्टेशन पर बाल मजदूरी के लिए अवैध रूप से ले जाए जा रहे 162 बच्चों को बड़ी कार्रवाई में मुक्त कराया गया। शनिवार को कटनी जीआरपी और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम इन बच्चों को सुरक्षित किशनगंज रेलवे स्टेशन लेकर पहुंची, जहां उन्हें उनके परिजनों एवं संबंधित जिलों की चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंप दिया गया।

जानकारी के अनुसार, बीते 10 अप्रैल को पटना से मुंबई जा रही एक एक्सप्रेस ट्रेन के कटनी स्टेशन पर रुकने के दौरान रेल पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम को बड़ी संख्या में बच्चों की मौजूदगी पर संदेह हुआ। इसके बाद टीम ने ट्रेन में चढ़कर जांच की, जिसमें यह सामने आया कि बच्चों को बहला-फुसलाकर बाल मजदूरी के लिए मुंबई ले जाया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 162 बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर बच्चों को उनके गृह जिला किशनगंज लाया गया। इस कार्रवाई से बाल तस्करी के एक बड़े नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा मामले की आगे जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह