सारण सदर अस्पताल में पैथोलॉजिकल जांच सेवा का हुआ उद्घाटन
सारण, 22 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा पटना से राज्यभर के सदर अस्पतालों में विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का वर्चुअली उद्घाटन किया गया। इसी क्रम में सदर अस्पताल सारण में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने पैथोलॉजिकल टेस्ट लैब का फीता काटकर उद्घाटन किया।
इस व्यवस्था के तहत अब सदर अस्पताल में 127 प्रकार की जांच सुविधाएं आमजन को सुलभ होंगी। राज्य सरकार की इस पहल से अनुमंडलीय अस्पतालों में 76, रेफरल व कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में 63 तथा अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटर में 45 तरह की जांच सेवा मिलेगी।
उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों की सुविधा हेतु प्रतीक्षालय और रिपोर्ट काउंटर को सुव्यवस्थित करने तथा उपलब्ध जांचों की सूची होर्डिंग के जरिए प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। साथ ही आवागमन को सुगम बनाने के लिए निर्माणाधीन सड़क का कार्य शीघ्र पूरा करने और परिसर को जलजमाव से मुक्त रखने के सख्त निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

