12 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा, हर घर तिरंगा अभियान की तैयारी तेज
सुपौल, 06 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जाने वाले 'हर घर तिरंगा अभियान-2026' को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ सामाजिक संगठनों, एनसीसी, स्काउट एवं गाइड के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अभियान को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि 'हर घर तिरंगा' केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और नागरिक जिम्मेदारी को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पंचायत, नगर निकाय, विद्यालय, महाविद्यालय, सरकारी कार्यालय और सार्वजनिक स्थलों तक अभियान की पहुंच सुनिश्चित की जाए तथा व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
अभियान के तहत जिलेभर में तिरंगा रैली, तिरंगा साइकिल एवं ई-बाइक रैली, सामूहिक 'वंदे मातरम्' गायन, तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा थीम पर सजावट, रंगोली प्रतियोगिता और 'सेल्फी विद तिरंगा' जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई।
बैठक में 12 अगस्त को आयोजित होने वाली भव्य तिरंगा यात्रा को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। यह यात्रा सुबह 9 बजे लोहिया चौक से शुरू होकर गांधी मैदान तक पहुंचेगी। यात्रा में छात्र-छात्राओं, सरकारी कर्मियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों की भागीदारी रहेगी। जिला पदाधिकारी ने यात्रा मार्ग, सुरक्षा, यातायात, राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता, प्रतिभागियों की सुविधाओं तथा कार्यक्रम की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में भाषण, निबंध, चित्रकला, रंगोली और देशभक्ति गीत प्रतियोगिताएं आयोजित करने तथा सोशल मीडिया और स्थानीय माध्यमों से अभियान का व्यापक प्रचार करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक के अंत में जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा अभियान के सभी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

