home page

पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 11 वर्षीय बच्ची की मौत, पिपराही गांव में मचा कोहराम

 | 
पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 11 वर्षीय बच्ची की मौत, पिपराही गांव में मचा कोहराम


पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 11 वर्षीय बच्ची की मौत, पिपराही गांव में मचा कोहराम


सुपौल, 28 जुलाई (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के दीना पट्टी पंचायत के पिपराही गांव में पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से 11 वर्षीय एक मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई।

मृतका की पहचान पिपराही निवासी शिवकुमार ठाकुर की 11 वर्षीय पुत्री प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार प्रियंका सोमवार की शाम करीब चार बजे घर से निकली थी। देर शाम तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

मंगलवार सुबह गांव के समीप एक ईंट-भट्ठा चिमनी के पास स्थित पानी से भरे गहरे गड्ढे में उसका शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका की मां लीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि प्रियंका तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

इधर, घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ईंट-भट्ठों के आसपास बने गहरे एवं खुले पानी से भरे गड्ढों की तत्काल घेराबंदी कराई जाए। उनका कहना है कि ऐसे खुले गड्ढे लगातार हादसों को न्योता दे रहे हैं। पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि पानी से भरे गड्ढे में डूबने से एक 11 वर्षीय बच्ची की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले में यदि कोई शिकायत प्राप्त होती है तो विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र