नवादा में दोस्त के तिलक में जा रहे तीन युवकों की दुर्घटना में मौत
नवादा, 22 फ़रवरी (हि.स.)। बिहार में नवादा जिले के सीतामढ़ी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक सड़क दुर्घटना ने तीन युवकों की मौत हो गई है। गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रिवला गांव के तीन युवक अपने दोस्त के तिलक समारोह में शामिल होने नवादा के अकबरपुर जा रहे थे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक युवक बाइक पर सवार थे और तेज रफ्तार से जा रहे था। नवादा जिले के सीतामढ़ी थेन के कटघारा गांव के पास तरवा आहर के पास एक मोड़ पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रफ्तार के कारण बाइक का नियंत्रण खो गया था।
मृतकों की पहचान प्रताप कुमार उर्फ विकास कुमार (पिता- विजय चौधरी), इंद्रन मांझी (पिता- राजेश मांझी) और सोनू कुमार उर्फ भोला चौधरी (पिता- सुनील चौधरी) के रूप में हुई है। सभी युवक गया जिले के अतरी थाने के रिवला गांव के निवासी थे और उम्र लगभग 20-23 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
घटना की जानकारी ग्रामीण समाजसेवी दीपक कुमार ने सीतामढ़ी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है, जिसमें रफ्तार और अन्य कारकों की पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

