सरकारी स्कूल के शिक्षक पर अश्लील हरकत का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश; पुलिस शिक्षक को थाने ले गई
सुपौल, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के पिपरा प्रखंड क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में शिक्षक पर छात्र-छात्राओं के साथ अशोभनीय व्यवहार करने का आरोप लगने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में विद्यालय पहुंचकर हंगामा किया और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस आरोपी शिक्षक को अपने साथ थाने ले गई। मामला पिपरा प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय सखुआ का बताया जा रहा है।
ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोप के अनुसार, विद्यालय में पदस्थापित शिक्षक देवनंदन मेहता द्वारा छोटे छात्र-छात्राओं को कथित रूप से गोद में बैठाकर मोबाइल पर आपत्तिजनक वीडियो दिखाया जाता था। आरोप है कि इस दौरान बच्चों के साथ अशोभनीय हरकत भी की जाती थी। घटना की जानकारी गांव में फैलने के बाद लोगों में आक्रोश बढ़ गया।
बताया जाता है कि मामले की जानकारी मिलने के बाद देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय परिसर में पहुंच गए और शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। ग्रामीणों का कहना था कि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
इधर, घटना की सूचना पिपरा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी शिक्षक देवनंदन मेहता को अपने साथ थाना ले गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि संबंधित शिक्षक को थाना लाया गया है। पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, शिक्षक पर लगाए गए आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों, आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। घटना के बाद विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

