home page

विक्रमशिला सेतु पुनर्स्थापन कार्य ने पकड़ी रफ्तार, 21 दिनों में काटे गए तीन कमजोर स्लैब

 | 
विक्रमशिला सेतु पुनर्स्थापन कार्य ने पकड़ी रफ्तार, 21 दिनों में काटे गए तीन कमजोर स्लैब


भागलपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)।भागलपुर और उत्तर बिहार की लाइफलाइन माने जाने वाले विक्रमशिला सेतु के मरम्मत कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है। पुल को नया जीवन देने और भविष्य में भारी वाहनों के दबाव को सुरक्षित ढंग से झेलने के योग्य बनाने के लिए चल रहे इस महाभियान के तहत पिछले 21 दिनों के भीतर सेतु के तीनों कमजोर स्लैबों को सफलतापूर्वक काट दिया गया है।

विभागीय सूत्रों के अनुसार, पुराने और जर्जर हो चुके स्लैबों को हटाने का यह सबसे पेचीदा काम बेहद सावधानी के साथ समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया गया है। स्लैब कटिंग का काम पूरा होते ही अब नवगछिया छोर पर गर्डर लांचिंग का काम भी तेजी से शुरू कर दिया गया है। गर्डर लांचिंग और नए स्लैब ढलाई का कार्य पूरा होने से आने वाले समय में पुल की संरचना को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी, जिससे सेतु की उम्र और भार वहन क्षमता दोनों में बड़ा इजाफा होगा। निर्माण एजेंसी दिन-रात काम कर रही है ताकि तय समय सीमा में काम पूरा कर पुल पर यातायात को सुचारू और सुरक्षित बनाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर