यूएमएस बेलवा काशीपुर में पर्यावरण संरक्षण की अनोखी पहल, पेड़ों पर लगे क्यूआर कोड से मिल रही पूरी जानकारी
किशनगंज, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्क्रमित मध्य विद्यालय (यूएमएस) बेलवा काशीपुर में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए तकनीक का अभिनव प्रयोग किया गया है।
विद्यालय के शिक्षक शहजाद अनवर की पहल पर परिसर के प्रत्येक पेड़-पौधे पर क्यूआर कोड लगाया गया है। इस अनूठे प्रयास से छात्र-छात्राओं के साथ-साथ ग्रामीणों में भी पेड़ों के प्रति जागरूकता और उत्साह बढ़ा है।
विद्यालय आने वाले छात्र, अभिभावक और ग्रामीण जब किसी पेड़ पर लगे क्यूआर कोड को अपने मोबाइल फोन से स्कैन करते हैं, तो उन्हें उस पेड़ का नाम, वैज्ञानिक नाम, औषधीय गुण, पर्यावरणीय महत्व, उपयोगिता तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां तुरंत उपलब्ध हो जाती हैं। इससे लोगों को पेड़ों की पहचान करने और उनके महत्व को समझने में आसानी हो रही है।
शिक्षक शहजाद अनवर ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल पेड़ों की जानकारी उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और समाज में प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण की भावना तथा जैव विविधता के प्रति जिम्मेदारी विकसित करना है।
उनका कहना है कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से सीखने की यह प्रक्रिया बच्चों के लिए अधिक रोचक और प्रभावी बन गई है, जिससे वे पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक जानकारी भी प्राप्त कर रहे हैं।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मोबाइल के माध्यम से पेड़ों की विस्तृत जानकारी आसानी से उपलब्ध होने से बच्चों के साथ-साथ आम लोगों का ज्ञान भी बढ़ रहा है।
उन्होंने इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक और उपयोगी कदम बताया। विद्यालय की यह अनूठी पहल शिक्षा, तकनीक और पर्यावरण संरक्षण का सफल समन्वय प्रस्तुत कर रही है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि ऐसे नवाचार अन्य विद्यालयों में भी अपनाए जाएं, तो बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पेड़ों के संरक्षण को भी नई गति मिल सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

