home page

मुख्य वाणिज्य प्रबंधक ने सबौर रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण

 | 
मुख्य वाणिज्य प्रबंधक ने सबौर रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण


भागलपुर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के सबौर रेलवे स्टेशन का रविवार को मुख्य वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर में सफाई व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और परिसंपत्तियों के रखरखाव में कई अनियमितताएं पाई गईं। निरीक्षण के क्रम में प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर और स्टेशन परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया गया। कई स्थानों पर कूड़ा-करकट और अव्यवस्थित सामान पड़े होने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई और संबंधित कर्मियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया। नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। स्टेशन के बाहर खराब हालत में खड़े कई ट्रक भी मिले।

अधिकारियों ने निर्देश दिया कि यदि ये वाहन रेलवे या राज्य पुलिस से संबंधित हैं तो संबंधित विभाग को सूचना देकर हटाया जाए। अन्यथा, जिम्मेदार व्यक्ति को तय समयसीमा में वाहन हटाने को कहा जाए। निर्धारित अवधि में हटाव नहीं होने पर जब्ती या नीलामी की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण में यह भी पाया गया कि स्टेशन पर लिफ्ट स्थापित होने के बावजूद अब तक चालू नहीं की गई है। तकनीकी बाधाएं दूर कर लिफ्ट जल्द शुरू करने का निर्देश दिया गया, ताकि बुजुर्ग, दिव्यांग और महिलाओं को सुविधा मिल सके। मुख्य प्रमुख वाणिज्य प्रबंधक ने स्पष्ट कहा कि यात्रियों की सुविधा सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर