मंदिर न्यास समिति के पदाधिकारियों का लॉटरी से चयन
बक्सर, 14 जुलाई (हि.स.)। अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर की अध्यक्षता में मंगलवार को उनके कार्यालय वेश्म में श्री रामेश्वर नाथ मंदिर सेवाश्रम न्यास समिति, रामरेखा घाट के रिक्त पदों पर चयन के लिए बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं सदस्य पद के लिए आवेदन करने वाले सभी अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया था।
बैठक में पटना उच्च न्यायालय के आदेश तथा बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद के निर्देशों के आलोक में लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से पदाधिकारियों का चयन किया गया।
चयनित पदाधिकारियों में उपाध्यक्ष पद पर शिवजी चौरसिया, सचिव पद पर पवन कुमार तथा कोषाध्यक्ष पद पर भैरवनाथ वर्मा का चयन हुआ। सदस्य पद के लिए आराधना कुमारी, अभिषेक कुमार, अरविंद कुमार चौबे, नंदलाल जायसवाल, शशिकला चौबे, रेणु कुमारी एवं रुपेश कुमार चौरसिया का चयन किया गया।
बैठक में बताया गया कि पटना उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार 11 सदस्यीय न्यास समिति के गठन की प्रक्रिया जारी है। चयनित सदस्यों की अनुशंसित सूची जिला पदाधिकारी बक्सर के माध्यम से बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद, पटना को अनुमोदन हेतु भेजी जा रही है। अनुमोदन के बाद समिति का विधिवत गठन किया जाएगा।
अनुमंडल अधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि जो रामरेखा घाट मंदिर पुरानी मठिया का मामला चल रहा था उस विवाद को खत्म करने के लिए ही लॉटरी के माध्यम से समिति चयन की प्रक्रिया की गई है ताकि आगे से कोई परेशानी ना रहे अब यह कमिटी अपने माध्यम से सबके सहयोग से बेहतर कार्य करें यही शुभकामना रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

