home page

बसंतपुर में खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान शुरू, 45 दिनों तक घर-घर होगा पशुओं का मुफ्त टीकाकरण

 | 
बसंतपुर में खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान शुरू, 45 दिनों तक घर-घर होगा पशुओं का मुफ्त टीकाकरण


सुपौल, 11 जुलाई (हि.स.)। जिले के बसंतपुर प्रखंड में पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) जैसी संक्रामक बीमारी से बचाने के लिए 45 दिवसीय विशेष टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई।

अभियान का शुभारंभ बसंतपुर पंचायत की मुखिया नेहा मौसम खेड़वार ने अपने आवासीय परिसर में फीता काटकर किया।इस अभियान के तहत प्रखंड की सभी पंचायतों और गांवों में घर-घर जाकर दुधारू एवं अन्य संवेदनशील पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। पशुपालकों से अपने सभी पशुओं का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की गई है ताकि बीमारी के फैलाव को रोका जा सके।अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक वैक्सीनेटर को प्रतिदिन कम से कम 50 पशुओं का टीकाकरण करने का लक्ष्य दिया गया है।

पूरे प्रखंड में 30 स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। प्रत्येक पंचायत में दो-दो स्वयंसेवक टीकाकरण टीम के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को गति देंगे।मुखिया नेहा मौसम खेड़वार ने बताया कि यह खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) टीकाकरण अभियान का सातवां चरण है। इससे पहले छह चरण सफलतापूर्वक पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान इस बीमारी का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए समय पर टीकाकरण कराना बेहद जरूरी है।

उन्होंने किसानों और पशुपालकों से अपील की कि वे अपने सभी पशुओं का अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराएं। उन्होंने कहा कि खुरपका-मुंहपका रोग से पशुओं की उत्पादन क्षमता प्रभावित होती है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। समय पर टीकाकरण ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र