home page

प्याऊ निर्माण पर विवाद, पार्षद ने वर्क ऑर्डर पर उठाए सवाल

 | 
प्याऊ निर्माण पर विवाद, पार्षद ने वर्क ऑर्डर पर उठाए सवाल


भागलपुर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के नगर निगम वार्ड संख्या 13 परबत्ती स्थित रंजीत गोप लेन में बन रहे प्याऊ (सार्वजनिक पेयजल स्थल) के निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने इस निर्माण कार्य पर सवाल उठाते हुए निगम प्रशासन से जांच की मांग की है। वार्ड संख्या 13 के पार्षद ने आरोप लगाया है कि बिना उनकी सहमति और जानकारी के प्याऊ का निर्माण कराया जा रहा है।

उनका कहना है कि यदि इस कार्य के लिए वैध वर्क ऑर्डर जारी किया गया है, तो उसे सार्वजनिक किया जाए। अन्यथा निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोक दिया जाए। पार्षद ने मेयर पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वार्ड में जानबूझकर गतिरोध उत्पन्न कर सामाजिक तनाव बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य नहीं रोका गया तो वे नगर निगम परिसर में भूख हड़ताल पर बैठेंगे।

स्थानीय निवासी बबलू यादव ने निगम प्रशासन को पत्र लिखकर बताया है कि जिस स्थान पर प्याऊ का निर्माण किया जा रहा है, वह उनके कुलदेवी पूजा घर के सामने और निजी जमीन पर स्थित है।

उन्होंने आशंका जताई कि वहां निर्माण होने से आने-जाने में भारी परेशानी होगी और धार्मिक भावनाएं भी आहत हो सकती हैं। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि निर्माण कार्य धनंजय यादव द्वारा कराया जा रहा है, जो इस कार्य के लिए अधिकृत नहीं हैं। ऐसे में उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर