पंचायत परिसीमन के बाद चुनाव कराने के फैसले का मुखिया संघ ने किया स्वागत
सुपौल, 17 जुलाई (हि.स.)। बिहार सरकार द्वारा पंचायतों का नए सिरे से परिसीमन कराने के बाद पंचायत चुनाव आयोजित करने के निर्णय का प्रखंड मुखिया संघ ने स्वागत किया है।
ब्लॉक चौक स्थित यात्री निवास में आयोजित प्रेसवार्ता में संघ के पदाधिकारियों ने इस फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री एवं राज्य मंत्रिमंडल के प्रति आभार व्यक्त किया।प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष सह लक्ष्मीपुर खूंटी पंचायत के मुखिया किशोर कुमार मुन्ना ने कहा कि यह निर्णय मुखिया संघ के छह वर्षों के लगातार संघर्ष का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 1991 की जनगणना के आधार पर 1996 में पंचायतों का परिसीमन किया गया था, जबकि अब वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर वर्ष 2026 में नया परिसीमन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नए परिसीमन के बाद पंचायत चुनाव कराने का सरकार का फैसला लोकतांत्रिक व्यवस्था और ग्रामीण विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम है।
मुखिया संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि नए परिसीमन से पंचायतों की संख्या, जनप्रतिनिधियों की भागीदारी और विकास योजनाओं के लिए उपलब्ध संसाधनों में वृद्धि होगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा और संतुलित विकास को बढ़ावा मिलेगा।संघ ने ग्राम पंचायतों को कर (टैक्स) वसूली का अधिकार दिए जाने के राज्य सरकार के निर्णय का भी स्वागत किया। पदाधिकारियों ने कहा कि इससे पंचायतों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध होंगे।
मुखिया संघ ने बताया कि प्रदेश स्तर पर सरकार के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए राज्यव्यापी धन्यवाद यात्रा निकाली जाएगी। इसकी तिथि और जिला-वार कार्यक्रम की घोषणा प्रदेश मुखिया संघ की ओर से जल्द की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

