home page

नीतिश कुमार के राज्यसभा नामांकन पर अश्विनी चौबे ने दी बधाई

 | 
नीतिश कुमार के राज्यसभा नामांकन पर अश्विनी चौबे ने दी बधाई


भागलपुर, 05 मार्च (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने नीतिश कुमार द्वारा राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किए जाने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। चौबे ने कहा कि उनके साथ कई दशकों तक कार्य करने का उन्हें सौभाग्य प्राप्त हुआ है। आज उनके साथ बिताए संघर्षपूर्ण और प्रेरणादायी क्षणों को स्मरण कर मन भावुक हो उठता है। जेपी आंदोलन के समय उन्होंने कंधे से कंधा मिलाकर कार्य किया और तत्कालीन अराजक शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए लोकतंत्र की रक्षा के लिए आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि बाद के वर्षों में जब बिहार को अराजकता और अव्यवस्था से मुक्त कराने का समय आया, तब भी उन्होंने नीतीश कुमार के नेतृत्व में कंधे से कंधा मिलाकर कार्य किया। उस संघर्ष के दौरान कई बार लाठियाँ भी खाईं, लेकिन बिहार को बेहतर दिशा देने का संकल्प कभी कमजोर नहीं पड़ा। लंबे संघर्ष के बाद वर्ष 2005 में जब नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, तभी विकसित और समृद्ध बिहार की परिकल्पना साकार होने लगी।

अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि उन्हें उनके मंत्रिमंडल में रहकर विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी निभाने और बिहार के विकास में योगदान देने का अवसर मिला। उनके नेतृत्व में कई महत्वपूर्ण पहलें और यात्राएँ संचालित की गईं, जैसे ग्राम गौरव यात्रा और लोहिया स्वच्छता अभियान, जिनके माध्यम से समाज में जागरूकता और विकास का संदेश पहुँचा।

उन्होंने कहा कि आज बिहार में शिक्षा, रोजगार, बिजली, सड़क, पानी, आधुनिक सेवाएँ तथा अनेक जनकल्याणकारी योजनाएँ जिस रूप में दिखाई दे रही हैं, वह नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच और सशक्त नेतृत्व का परिणाम है। उनके नेतृत्व में बिहार निरंतर विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि अब समय है कि देश भी उनके अनुभव और नेतृत्व का व्यापक लाभ प्राप्त करे। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ समन्वय और सहयोग की भावना से कार्य करते हुए वे निश्चित रूप से बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर