दिशा की बैठक में दिव्यांगों, हिंसा पीड़ित महिलाओं और भूमिहीन परिवारों को मिला संबल
किशनगंज, 22 अगस्त (हि.स.)। जिला परिषद सभागार में शनिवार को आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक जिले के वंचित वर्गों के लिए राहत का अवसर बनी। बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल और सांसद डॉ. मो. जावेद आजाद के हाथों आठ दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल, घरेलू हिंसा से पीड़ित 20 महिलाओं को आर्थिक सहायता तथा पांच भूमिहीन परिवारों को वासभूमि पर्चा प्रदान किया गया। संबल योजना वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत किशनगंज प्रखंड के आठ दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल दी गई। लाभुकों में एक महिला भी शामिल हैं। ट्राईसाइकिल मिलने के बाद लाभुकों के चेहरे पर खुशी दिखी। जिलाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, यूडीआईडी कार्ड, पेंशन एवं कौशल विकास योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया की नियमित समीक्षा की जा रही है।
मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के तहत सामाजिक पुनर्वास कोष से घरेलू हिंसा से पीड़ित 20 महिलाओं को डमी चेक के माध्यम से आर्थिक सहायता दी गई। प्रत्येक महिला को 10 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। इस तरह कुल दो लाख रुपये वितरित किए गए। सभी लाभार्थी वन स्टॉप सेंटर, किशनगंज के माध्यम से पंजीकृत हैं। बताया गया कि पीड़ित महिलाओं को वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से चिकित्सा, विधिक सहायता, पुलिस सहयोग, अस्थायी आश्रय और परामर्श जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। कार्यक्रम में पोठिया अंचल के पांच भूमिहीन परिवारों को वासभूमि पर्चा भी दिया गया। इससे लाभुकों को आवास निर्माण के लिए जमीन पर कानूनी अधिकार मिलेगा और वे आवास समेत अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे।
डीएम नवीन कुमार ने बताया कि अंचलवार सर्वेक्षण के आधार पर शेष पात्र भूमिहीन परिवारों को भी चरणबद्ध तरीके से वासभूमि उपलब्ध कराई जाएगी। मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
सांसद डॉ. मो. जावेद ने कहा कि दिव्यांग, हिंसा पीड़ित महिला या भूमिहीन परिवार को समय पर सहायता मिलने से उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलता है। मौके पर विधायकगण, जिला प्रशासन के अधिकारी, जिला परिषद प्रतिनिधि, संबंधित कोषांगों के कर्मी, वन स्टॉप सेंटर के कर्मी, लाभुक एवं उनके परिजन मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

