डीईओ ने एईडीओ परीक्षा केंद्र की तैयारी का लिया जायजा
सुपौल, 13 अप्रैल (हि.स.)। बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (एईडीओ) प्रतियोगिता परीक्षा मंगलवार को जिले के कई केंद्र पर आयोजित होगी। परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा की सख्त व्यवस्था की गई है।
गहन जांच के बाद परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। कदाचार मुक्त और सफल संचालन के लिए सोमवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) संग्राम सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्राधीक्षक को परीक्षार्थियों के लिए सभी मूलभूत सुविधाओं को पूरा करने का निर्देश दिया। परीक्षा केंद्र के निरीक्षण में सीसीटीवी कैमरा, केंद्र में वीक्षकों के योगदान की स्थिति, बेंच-डेस्क, शौचालय, परीक्षा केंद्र परिसर व परीक्षा कमरा की साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने केंद्राधीक्षक व वीक्षकों को परीक्षा का सफल संचालन में पारदर्शिता और कदाचार मुक्त वातावरण में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की लापरवाही और अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने मध्य विद्यालय गौरवगढ़ का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं के बीच कॉपी, किताब व डायरी बांटे। वर्ग कक्ष में बच्चों से पठन-पाठन की जानकारी ली। इस दौरान साप्ताहिक परीक्षा का अवलोकन किया गया। उन्होंने एचएम को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

