home page

छठ घाटों की तैयारियों का नगर आयुक्त ने लिया जायजा, समय पर व्यवस्था पूरी करने का निर्देश

 | 
छठ घाटों की तैयारियों का नगर आयुक्त ने लिया जायजा, समय पर व्यवस्था पूरी करने का निर्देश


दरभंगा, 01 अक्टूबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर दरभंगा नगर निगम क्षेत्र के पोखरों एवं छठ घाटों की साफ-सफाई सहित अन्य तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में नगर आयुक्त गरिमा लोहिया ने वार्ड संख्या 1, 2, 4 एवं 5 का भ्रमण कर विभिन्न पोखरों एवं छठ घाटों का स्थल निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित वार्ड पार्षदों से घाटों की स्थिति, सफाई, पहुंच मार्ग तथा श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। पार्षदों ने स्थानीय समस्याओं एवं आवश्यकताओं से अवगत कराया। इसके बाद नगर आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने कहा कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी चिन्हित घाटों पर सफाई कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने तथा कचरा, जलकुंभी एवं अन्य अवांछित सामग्री हटाने का निर्देश दिया। घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों की सफाई और सुगम आवागमन के साथ आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और निगम पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने को कहा। निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त डॉ. जयचंद्र अकेला, सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता सहित निगम के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra