चेस क्रॉप्स शतरंज प्रतियोगिता में जयश्री, दिव्यांशु, बृजराज, आदित्य व कुणाल बने विजेता
किशनगंज, 29 नवंबर (हि.स.)। जिले में शतरंज खिलाड़ियों के खेल कौशल और प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से रविवार को खेल भवन-सह-व्यायामशाला परिसर में शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। चेस क्रॉप्स अकादमी के सौजन्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में जयश्री प्रभा, दिव्यांशु बियानी, बृजराज धर, आदित्य दीप एवं कुणाल आनंद ने अपने-अपने विभागों में प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता में करीब 40 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सह जिला अधिवक्ता संघ, किशनगंज के अध्यक्ष शिशिर कुमार दास ने किया। इस मौके पर उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि शतरंज एक बौद्धिक एवं गहन खेल है। इसमें वास्तव में किसी की हार या जीत नहीं होती, बल्कि दोनों ही परिस्थितियों में खिलाड़ियों को कुछ नया सीखने और अपनी क्षमता बेहतर बनाने का अवसर मिलता है।
उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करने और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने की प्रेरणा दी। अपने संबोधन के दौरान शिशिर कुमार दास ने बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल के योगदान की विशेष रूप से चर्चा की। उन्होंने जिले में शतरंज खेल एवं खिलाड़ियों के विकास के लिए मंत्री द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। चेस क्रॉप्स अकादमी के संचालक कमल कर्मकार ने बताया कि प्रतियोगिता कुल पांच विभागों में आयोजित की गई थी।
मुख्य निर्णायक सुधांशु सरकार तथा सहायक निर्णायक रौनक कुमार, राजकुमार साहा एवं रवि देवकुमार ठाकुर की देखरेख में मुकाबले संपन्न हुए। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर जयश्री प्रभा, दिव्यांशु बियानी, बृजराज धर, आदित्य दीप एवं कुणाल आनंद रहे। वहीं द्वितीय स्थान पर ऋषभ आनंद, युवराज साह, नितिन सिंह, सोमदीप हालदार एवं सार्थक अग्रवाल ने जगह बनाई। तृतीय स्थान पर सुरोनोय दास, दिव्यांशु दीप, शुभ कुमार सिंह, साकेत बियानी एवं पलचीन जैन रहे।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि शिशिर कुमार दास ने सभी विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। मौके पर जिला शतरंज संघ के संस्थापक सदस्य शंकर नारायण दत्ता, अधिवक्ता नजाकत अली, सचिन कुमार तथा अभिभावक अजय सिंह, मनीष बिहानी, ओमप्रकाश भास्कर, रंजीत प्रामाणिक एवं पिंकी भास्कर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

