ओबीसी कन्या आवासीय विद्यालय का डीएम ने किया निरीक्षण, छात्राओं से किया संवाद
सुपौल, 30 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी सावन कुमार ने बुधवार को अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय, रामनगर, पिपरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा साफ-सफाई समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कक्षाओं में पहुंचे और छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई, विद्यालय की व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन सुनिश्चित करने तथा छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने विद्यालय में संचालित डिजिटल क्लास की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को डिजिटल क्लास का नियमित और प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया, ताकि छात्राओं को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षण का समुचित लाभ मिल सके।
विद्यालय में छात्राओं को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी ने संबंधित एजेंसी जीविका को निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सारणी के अनुसार समय पर भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन मिले।
विद्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी जीविका को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय की सभी व्यवस्थाओं को बेहतर एवं सुव्यवस्थित रखने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप छात्राओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने विद्यालय प्रशासन एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्राओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हो।
निरीक्षण के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी (बीसी एवं ईबीसी), विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी व कर्मी मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

