एनएच 80 को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए चला प्रशासन का बुलडोजर
भागलपुर, 06 जून (हि.स.)। जिले के पीरपैंती राष्ट्रीय राजमार्ग-80 की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए शनिवार को प्रशासन की ओर से व्यापक अभियान चलाया गया। अनुमंडल पदाधिकारी, कहलगांव के आदेश के बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की निगरानी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
इस दौरान सड़क किनारे वर्षों से बने कई अवैध निर्माणों को हटाया गया, वहीं कुछ पुराने भवनों को भी ध्वस्त किया गया। बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-80 की भूमि पर 104 लोगों द्वारा छप्पर, झोपड़ी, दुकान, मकान और अन्य निर्माण कर अतिक्रमण किया गया था। प्रशासन द्वारा पूर्व में अतिक्रमणकारियों को स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद कई लोगों ने कब्जा नहीं हटाया इसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।
अभियान के दौरान प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी अंचलाधिकारी पीरपैंती राजीव नाथ तांती एवं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी मनोज कुमार मौजूद रहे। वहीं पुलिस व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस पदाधिकारी विमलेश सिंह यादव तथा आमोद कुमार ठाकुर के नेतृत्व में संभाली गई सुरक्षा के मद्देनजर पीरपैंती थाना की महिला एवं पुरुष पुलिस बल को भी तैनात किया गया था।
कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर अतिक्रमणकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई, लेकिन पुलिस और अधिकारियों की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई। इसके बाद अभियान शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहा और कई अवैध निर्माणों को हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि पर लंबे समय से अतिक्रमण के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा था। सड़क किनारे अवैध कब्जों की वजह से जाम और अन्य समस्याएं आम हो गई थीं।
अतिक्रमण हटने के बाद सड़क की चौड़ाई बढ़ेगी, यातायात व्यवस्था सुचारू होगी तथा आम लोगों को राहत मिलेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर आगे भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग-80 को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

