home page

एनएच 327एडी पर सड़क को बनाया मक्का सुखाने का अड्डा, हर पल मंडरा रहा हादसे का खतरा

 | 
एनएच 327एडी पर सड़क को बनाया मक्का सुखाने का अड्डा, हर पल मंडरा रहा हादसे का खतरा


सुपौल, 29 मई (हि.स.)। जिले के सरायगढ़-गणपतगंज होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे 327 एडी पर इन दिनों सड़क सुरक्षा पूरी तरह से भगवान भरोसे नजर आ रही है।

हाईवे के कई हिस्सों पर खुलेआम सड़क पर मक्का सुखाया जा रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता है।

हाईवे पर कई जगहों पर किसानों एवं स्थानीय लोगों द्वारा सड़क के किनारे से लेकर बीच हिस्से तक मक्का फैला दी जाती है। दिनभर वाहनों की आवाजाही के बीच सड़क पर फैली मक्का के कारण बाइक, साइकिल और छोटे वाहनों के फिसलने का खतरा बना रहता है।

खासकर दोपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार बाइक चालक अचानक संतुलन खो बैठते हैं और दुर्घटना होने से बाल-बाल बचते हैं। सड़क पर बिखरे मक्के के दानों के कारण टायर स्लिप करने लगते हैं, जिससे वाहन अनियंत्रित हो सकता है।

रात के समय यह स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है, क्योंकि दूर से सड़क पर फैली मक्का स्पष्ट दिखाई नहीं देती।राहगीरों का कहना है कि हाईवे जैसी व्यस्त सड़क पर इस तरह मक्का सुखाना पूरी तरह लापरवाही है। सड़क पर लगातार भारी वाहनों की आवाजाही रहती है और ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार मना करने के बावजूद कुछ लोग जबरन सड़क पर मक्का फैला देते हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से हाईवे पर मक्का सुखाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

लोगों का कहना है कि सड़क आम जनता की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए होती है, न कि कृषि उपज सुखाने के लिए। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द निगरानी बढ़ाने, जागरूकता अभियान चलाने और नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र