home page

सेमीकंडक्टर से बुलेट ट्रेन तक, असम में बुनियादी ढांचे का तेजी से हो रहा विकास: भाजपा

 | 
सेमीकंडक्टर से बुलेट ट्रेन तक, असम में बुनियादी ढांचे का तेजी से हो रहा विकास: भाजपा


गुवाहाटी, 03 नवंबर (हि.स.)। असम में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन सहित विभिन्न क्षेत्रों में पिछले पांच वर्षों के दौरान अभूतपूर्व विकास हुआ है। राज्य में बुनियादी ढांचे के तेजी से निर्माण के जरिए समग्र विकास को गति दी जा रही है। भाजपा के मीडिया पैनलिस्ट धर्मकांत गोगोई ने मंगलवार को यह दावा किया।

उन्होंने कहा कि दिल्ली-गुवाहाटी बुलेट ट्रेन परियोजना असम के परिवहन इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी। केंद्र सरकार ने नॉर्दर्न बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का विस्तार गुवाहाटी तक करने की मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के अनुरोध पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दी है। प्रस्तावित परियोजना के पूरा होने पर दिल्ली से गुवाहाटी की यात्रा आठ घंटे से भी कम समय में पूरी हो सकेगी।

उन्होंने बताया कि यह हाईस्पीड रेल कॉरिडोर आगरा, कानपुर, लखनऊ, वाराणसी, पटना और सिलीगुड़ी होते हुए गुवाहाटी को दिल्ली से जोड़ेगा। इसके अलावा, पूर्वोत्तर की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस गुवाहाटी और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच परिचालित हो रही है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के लिए रेल बजट में 11,486 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

गोगोई ने कहा कि राज्य में गुवाहाटी रिंग रोड परियोजना, काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर, ब्रह्मपुत्र नदी के नीचे प्रस्तावित सुरंग मार्ग, नुमालीगढ़ बायो-एथेनॉल परियोजना और गुवाहाटी-सिलचर हाईस्पीड कॉरिडोर सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य को 3,000 करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य के साथ नए उद्योगों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए जिला स्तर पर विशेष भूमि बैंक तैयार किए जा रहे हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में चाय बागान क्षेत्रों में 75 आदर्श विद्यालय और 21 आदर्श आवासीय विद्यालय स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा, 14 नए पॉलिटेक्निक संस्थान स्थापित करने और 55 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के आधुनिकीकरण का कार्य किया गया है।

रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में पूरी पारदर्शिता के साथ 1.64 लाख सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। सरकार ने अगले चरण में दो लाख अतिरिक्त नौकरियां देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उच्च शिक्षा में छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए निजुत मोइना योजना संचालित की जा रही है। वहीं, पीएम-पोषण योजना के तहत 37.47 लाख बच्चों को शामिल किया गया है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की पहल के तहत नए चिकित्सा महाविद्यालयों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए 4,000 स्वास्थ्य उपकेंद्रों को उन्नत चिकित्सा सुविधाओं से युक्त करने की योजना पर काम किया जा रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए सरकार ने 50,000 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना भी तैयार की है।

शहरी विकास के संबंध में उन्होंने बताया कि 102 शहरों के मास्टर प्लान तैयार किए गए हैं, जबकि 74 शहरों में जीआईएस आधारित आधुनिक मानचित्रण व्यवस्था लागू की गई है। शहरी पेयजल परियोजनाओं, ठोस कचरा प्रबंधन और शहरों के सौंदर्यीकरण पर 4,000 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि स्वायत्तशासी परिषद क्षेत्रों में भूमि अधिकार सुनिश्चित करने के साथ-साथ चाय बागान श्रमिकों को भी भूमि पट्टे प्रदान किए जा रहे हैं। गोगोई ने विश्वास जताया कि भाजपा आगामी समय में भी विकास के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और राज्य में विकास की मौजूदा प्रक्रिया जारी रहेगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश