home page

सड़क सुरक्षा को लेकर कोकराझार जिला प्रशासन सख्त

 | 
सड़क सुरक्षा को लेकर कोकराझार जिला प्रशासन सख्त


सड़क सुरक्षा को लेकर कोकराझार जिला प्रशासन सख्त


सड़क सुरक्षा को लेकर कोकराझार जिला प्रशासन सख्त


-हॉर्न-फ्री जिला बनाने की पहल-जिला आयुक्त पंकज चक्रवर्ती ने नागरिकों से की यातायात नियमों का पालन करने की अपील-जागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक का आयोजन

कोकराझार (असम), 27 नवम्बर (हि.स.)। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों पर अंकुश लगाने और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कोकराझार जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा अभियान तेज कर दिया है। कोकराझार को सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था वाला जिला बनाने के साथ-साथ असम को दुर्घटनामुक्त बनाने के व्यापक लक्ष्य के तहत प्रशासन की ओर से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी कड़ी में शुक्रवार को कोकराझार जिला प्रशासन एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति की पहल पर ल्वर्गी थिएटर ग्रुप के सहयोग से कोकराझार सदर पुलिस थाना के सामने तथा जिले के अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान थिएटर ग्रुप के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाले सड़क हादसों के गंभीर परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। साथ ही वाहन चालकों और आम नागरिकों को सड़क पर सावधानी बरतने तथा यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला आयुक्त पंकज चक्रवर्ती ने कोकराझार को हॉर्न-फ्री जिला बनाने की प्रशासनिक परिकल्पना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मिजोरम के आइजोल जैसे शहरों में अपनाई गई पहल से प्रेरणा लेते हुए कोकराझार में अनावश्यक हॉर्न बजाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। इसका उद्देश्य शहर में ध्वनि प्रदूषण कम करने के साथ-साथ शांत, व्यवस्थित और सुरक्षित यातायात वातावरण तैयार करना है।

जिला आयुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में लगातार बहुमूल्य जानें जा रही हैं। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना केवल प्रशासन और पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने वाहन चालकों, पैदल यात्रियों और वाहन मालिकों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने तथा सड़क पर जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की अपील की।

उन्होंने प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न सड़क सुरक्षा उपायों का भी उल्लेख किया। इनमें नशे की हालत में वाहन चलाने के खिलाफ जागरूकता, दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट के अनिवार्य उपयोग को प्रोत्साहित करना, तेज एवं लापरवाही से वाहन चलाने पर नियंत्रण तथा पिकनिक और त्योहारों के दौरान विशेष सावधानी बरतने जैसे मुद्दे शामिल हैं। इसके अलावा रात के समय और कोहरे की स्थिति में वाहन चलाते वक्त अतिरिक्त सतर्कता बरतने पर भी जोर दिया गया।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से सड़क सुरक्षा अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक जिम्मेदारी और अनुशासित यातायात व्यवहार के माध्यम से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भार्गव गोस्वामी, अतिरिक्त जिला आयुक्त कृष्ण ज्योति डेका, कोकराझार नगर पालिका बोर्ड के अध्यक्ष, सहायक आयुक्त सहित जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

ज्ञात हो कि बीते दिनों काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में हुए भयावह सड़क हादसे में 26 लोगों की मौत के बाद राज्य सरकार ने यातायात को लेकर कड़े कदम उठाये हैं। इसके मद्देनजर पूरे राज्य में यातायात नियमों को सख्त बनाने तथा उसे क्रियान्वित करने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। कोकराजार जिला प्रशासन के द्वारा सड़क यातायात नियमों को लेकर अपनाए जा रहे कदम भी उसी कड़ी का हिस्सा है।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा