home page

संविधान के रक्षक नहीं संविधान का राजनीतिक इस्तेमाल करने वाला गांधी परिवार: भाजपा

 | 
संविधान के रक्षक नहीं संविधान का राजनीतिक इस्तेमाल करने वाला गांधी परिवार: भाजपा


गुवाहाटी, 26 नवंबर (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा ने गुरुवार को राज्यभर में संविधान गौरव दिवस मनाया। इस अवसर पर गुवाहाटी स्थित श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र के बाणीकांत काकती प्रेक्षागृह में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर संविधान का राजनीतिक इस्तेमाल करने तथा संवैधानिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2015 से संविधान गौरव दिवस मनाने की पहल की गई, ताकि नागरिक संविधान के आदर्शों, मूल्यों और मूल सिद्धांतों को आत्मसात कर सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का इतिहास लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने वाला रहा है। केवल संविधान की रक्षा का दावा करने से उसकी गरिमा सुरक्षित नहीं हो सकती। उन्होंने लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की सक्रिय और जिम्मेदार भूमिका का आह्वान किया।

कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री डॉ. रनोज़ पेगू, पद्मश्री विधिवेत्ता रोमन शर्मा, सांसद बिजुली कलिता मेधी, वरिष्ठ भाजपा नेताओं, विधायकों, अधिवक्ताओं तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।

भाजपा के मीडिया पैनलिस्ट आशीष भराली ने कहा कि संविधान दिवस केवल संविधान की प्रस्तावना पढ़ने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसके मूल्यों, संस्थाओं और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता भी जरूरी है। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन, योगदान और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार की पहल का उल्लेख किया।

भराली ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, मुद्रा, पीएम स्वनिधि और यूपीआई जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि ये योजनाएं सामाजिक एवं आर्थिक न्याय और समावेशिता के संवैधानिक उद्देश्यों को आगे बढ़ा रही हैं।

कांग्रेस के शासनकाल की आलोचना करते हुए उन्होंने 1975 में आपातकाल लागू किए जाने, नागरिक स्वतंत्रता और प्रेस की आजादी पर प्रतिबंध, न्यायपालिका में विवादास्पद नियुक्तियों तथा अनुच्छेद 356 के तहत राज्य सरकारों को बर्खास्त किए जाने की घटनाओं का उल्लेख किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संविधान की रक्षा के नाम पर लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार संविधान की गरिमा को पुनर्स्थापित करने और संप्रभुता, लोकतंत्र, न्याय, स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुत्व के संवैधानिक मूल्यों को साकार करने की दिशा में प्रयासरत है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश