शोणितपुर में मामूली विवाद में दोस्त ने की युवक की हत्या
शोणितपुर (असम), 13 नवंबर (हि.स.)। असम के शोणितपुर जिले के रंगापारा स्थित फूलबाड़ी चाय बागान में मामूली विवाद के बाद एक युवक की उसके ही दोस्त ने कथित तौर पर हत्या कर दी। घटना चाय बागान की श्रमिक लाइन संख्या 13 में बीती देर रात को हुई, जिसका खुलासा शुक्रवार को हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अमर राउतिया उर्फ कामिल के रूप में हुई है। बताया जाता है कि किसी मामूली बात को लेकर युवक का अपने दोस्त के साथ विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और युवक की मौत हो गई।
इस हत्याकांड में कथित रूप से शामिल आरोपित की पहचान लाडरुज इंदुवार के रूप में हुई है, जो मृतक का दोस्त बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही रंगापारा पुलिस ने तत्काल अभियान चलाया और आरोपी लाडरुज इंदुवार को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

