शिवसागर पहुंची कांग्रेस की ‘समय परिवर्तनर यात्रा', गौरव गोगोई ने भाजपा पर साधा निशाना
गुवाहाटी, 28 फरवरी (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के अध्यक्ष गौरव गोगोई के नेतृत्व में निकाली जा रही कांग्रेस की ‘समय परिवर्तनर’ यात्रा का दूसरा चरण शनिवार को शिवसागर जिले में प्रवेश कर गया। यात्रा की शुरुआत डिमौ से हुई और यह अथाबाड़ी, बाकाटा होते हुए शिवसागर की ओर बढ़ी।
यात्रा के दौरान आयोजित सभाओं को संबोधित करते हुए गोगोई ने भाजपा सरकार पर ज़ुबीन क्षेत्र के विकास की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के रखरखाव के लिए भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है और सरकार केवल प्रचार में व्यस्त है।
डिमौ और शिवसागर में यात्रा के दौरान “अलिकाती जाली दिम, बरपीरा पारी दिम, एइबार कांग्रेस सरकार आनि दिम” गीत गूंजता रहा। कांग्रेस नेताओं ने पानिबिल गोमोथागांव स्थित श्री श्री शंकरदेव नामघर में आशीर्वाद भी लिया।
गोगोई ने राज्य सरकार पर विद्यालय बंद करने, गांवों में शराब की दुकानें खोलने और नशे की बढ़ती समस्या को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि महिलाएं केवल लाभार्थी बनकर नहीं रहना चाहतीं और कांग्रेस की सरकार बनने पर पात्र महिलाओं को सीधे उनके बैंक खातों में लाभ दिया जाएगा।
यात्रा में कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल रहे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यात्रा डिब्रूगढ़ जिले के नाहरकटिया और दुलियाजन में भी जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

