home page

वांगचुक के समर्थन में इटानगर में 20 जुलाई को छात्र करेंगे शांतिपूर्ण रैली

 | 

इटानगर, 17 जुलाई (हि.स.)। 'यूथ फॉर चेंज' के बैनर तले अरूणाचल प्रदेश के राजीव गांधी यूनिवर्सिटी दोईमुख के छात्रों का एक दल आगामी 20 जुलाई को राजधानी इटानगर में एक शांतिपूर्ण रैली आयोजित करने का ऐलान किया है। यह रैली एक्टिविस्ट और शिक्षाविद सोनम वांगचुक के समर्थन में होगी, जो कथित पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे हैं।

आयोजकों के अनुसार, रैली आकाशदीप से शुरू होगी और इटानगर के आईजी पार्क स्थित टेनिस कोर्ट पर समाप्त होगी। यह मार्च दोपहर 3 बजे शुरू होगा।

आयोजकों ने कहा कि इस रैली का मकसद परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुधार की मांग का समर्थन करना है, साथ ही वांगचुक के चल रहे विरोध प्रदर्शन के प्रति एकजुटता दिखाना भी है।

एक्टिविस्ट और शिक्षाविद सोनम वांगचुक नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर हैं। वे शिक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी