लखीमपुर में कृषि परियोजनाओं का निरीक्षण, किसानों का पंजीकरण 15 जनवरी तक पूरा करने का निर्देश
लखीमपुर (असम), 13 नवंबर (हि.स.)। असम के कृषि, सिंचाई एवं संसदीय कार्य मंत्री पीयूष हजारिका ने शुक्रवार को लखीमपुर जिले का व्यापक दौरा कर विभिन्न कृषि परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को किसानों का शत-प्रतिशत पंजीकरण 15 जनवरी तक पूरा करने का निर्देश दिया।
दौरे की शुरुआत में मंत्री ने नंबर दो बोकोनाला में प्रगतिशील किसान पंकज बोरा के ऑयल पाम बागान का निरीक्षण किया और फसल की कटाई प्रक्रिया का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने बोगीनदी माजगांव स्थित अरिग अजन एग्रोफेड प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की ओर से संचालित अनानास प्रसंस्करण इकाई का दौरा किया तथा स्थानीय उत्पादकों से बातचीत की।
जिला आयुक्त कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में बताया गया कि लखीमपुर जिले में किसानों के पंजीकरण का लक्ष्य 81 फीसदी पूरा हो चुका है।
मंत्री ने अधिकारियों को प्रतिदिन कम से कम 400 किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि निर्धारित समय सीमा तक शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके।
बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, उर्वरक वितरण व्यवस्था, धान किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) प्रमाणपत्र जारी करने, मखाना और ऑयल पाम की खेती के विस्तार, सुपारी एवं नारियल के पौधों के वितरण तथा विभिन्न सिंचाई योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
दौरे के अंतिम चरण में मंत्री ने बिहपुरिया के पाथालीपहाड़ में श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन के तहत निर्मित कृषि सेवा एवं प्रसंस्करण केंद्र (शीतगृह) का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत करते हुए कहा कि कृषि विभाग इस समय अनुपयोगी पड़े शीतगृह का अधिग्रहण कर इसे जल्द से जल्द चालू करेगा, ताकि स्थानीय किसानों को इसका लाभ मिल सके।
इस दौरान विधायक मानव डेका, नब कुमार दलै और भूपेन बोरा भी मंत्री के साथ मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

