home page

राज्यपाल ने 'चलो लोकु' त्योहार की राज्यवासियों को दी बधाई

 | 

इटानगर, 24 नवंबर(हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) केटी परनाइक ने राज्य के लोगों, विशेष रूप से तिरप जिले के नोक्टे समुदाय को 'चलो लोकु' के पावन अवसर पर हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वर्ष का 'चलो लोकु' भाईचारे की भावना को मजबूत करेगा, समुदायों के बीच आपसी समझ को गहरा करेगा और हमें अपनी बहुमूल्य सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों के लिए संजोकर रखने की प्रेरणा देगा।

अपने संदेश में, राज्यपाल ने कहा कि 'चलो लोकु' केवल फसल कटाई का त्योहार नहीं है, बल्कि यह जीवन, एकजुटता और नोक्टे समुदाय की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उत्सव है। यह एक ऐसा समय है जब परिवार और दोस्त एक साथ आते हैं, बुजुर्ग अपना ज्ञान साझा करते हैं, और नई पीढ़ी अपनी जड़ों से फिर से जुड़ती है। पारंपरिक 'थाम' (वाद्य यंत्र) की गूंज, रंग-बिरंगे आयोजन और सदियों पुरानी परंपराएं समुदाय की भावना को जीवंत कर देती हैं।

ये प्रकृति, परंपराओं और साझा मूल्यों के प्रति समुदाय के गहरे सम्मान को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि हमारे त्योहार हमें अपनापन महसूस कराते हैं और उन बंधनों की याद दिलाते हैं जो हमें एक-दूसरे से जोड़ते हैं।

राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा, इस त्योहार के अवसर पर, मैं नोक्टे समुदाय के अपने भाइयों-बहनों के साथ मिलकर सर्वशक्तिमान 'रंग' (ईश्वर) से प्रार्थना करता हूं कि हर घर में शांति, खुशी और अच्छा स्वास्थ्य बना रहे, भरपूर फसल हो, और हमारे लोगों की सामाजिक, सांस्कृतिक तथा आर्थिक प्रगति निरंतर होती रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी