home page

मुख्यमंत्री ने वादे के मुताबिक मुक्केबाज लवलीना बरगोहाईं को भूमि आवंटित की

 | 
मुख्यमंत्री ने वादे के मुताबिक मुक्केबाज लवलीना बरगोहाईं को भूमि आवंटित की


गुवाहाटी, 29 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने अपने वादे के मुताबिक ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज लवलीना बरगोहाईं को उनकी महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए भूमि आवंटित कर दी है।

मुख्यमंत्री ने एक संदेश में कहा कि उक्त भूमि पर लवलीना बरगोहाईं की स्वप्निल बॉक्सिंग अकादमी स्थापित की जाएगी। पलाशबाड़ी के हुदुमपुर में 3 बीघा 4 कट्ठा भूमि पर प्रस्तावित अकादमी के निर्माण का कार्य जल्द ही शुरू होने की संभावना है।

इस अकादमी के स्थापित होने से राज्य के उभरते मुक्केबाजों को प्रशिक्षण के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही, युवा प्रतिभाओं को मुक्केबाजी के क्षेत्र में आगे बढ़ने और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।

लवलीना की इस महत्वाकांक्षी पहल को असम में खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश