home page

मंत्री टासिंग ने क्षमता निर्माण के ज़रिए ज़मीनी स्तर पर शासन को मज़बूत करने का किया आह्वान

 | 

इटानगर, 28 जुलाई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओजिंग टासिंग ने आज ईस्ट सियांग जिला पासीघाट में पंचायती राज और ग्रामीण विकास अधिकारियों के लिए आयोजित एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्रामीण संस्थाओं को सशक्त बनाने और ज़मीनी स्तर पर शासन को मज़बूत करने के महत्व पर ज़ोर दिया।

ज़िले के अधिकारियों और चुने हुए प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य भर में अलग-अलग जगहों पर यह ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है ताकि ज़्यादा से ज़्यादा लोग इसमें शामिल हो सकें, जो सरकार की समग्र ग्रामीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे कार्यक्रम के दौरान मिली जानकारी को गांव के स्तर तक पहुंचाएं ताकि सरकार की विभिन्न योजनाओं का फ़ायदा हर नागरिक तक पहुंच सके।

16वें वित्त आयोग के महत्व पर ज़ोर देते हुए मंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए ज़मीनी स्तर पर व्यावहारिक समझ और समस्याओं को सुलझाने की क्षमता ज़रूरी है।

उन्होंने अधिकारियों और जन-प्रतिनिधियों से बाधा बनने के बजाय मददगार की भूमिका निभाने का आह्वान किया और सभी नागरिकों से 'विकसित भारत' के विज़न में योगदान देने की अपील की।

उन्होंने अधिकारियों से यह भी आग्रह किया कि वे सरकार कि अनेक योजना और अन्य प्रमुख योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करके ग्रामीण समुदायों को सशक्त बनाएं, ताकि बेरोज़गार युवाओं और ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी