home page

बाढ़ से कई बुनियादी ढांचे और संपत्ति को हुआ नुकसान

 | 

इटानगर, 22 मई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के अपर सुबनसिरी जिले के नीलिंग और गिबा सर्किलों में भारी बारिश और बाढ़ के कारण कई बुनियादी ढांचे और संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।आज अधिकारियों ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों और प्रभावित क्षेत्रों से प्राप्त प्रारंभिक मौके पर निरीक्षण रिपोर्टों के अनुसार, 21 मई की सुबह भारी बारिश के कारण आई बाढ़ से नीलिंग और गिबा सर्किलों में बुनियादी ढांचे और संपत्ति को भारी नुकसान हुआ है।

नीलिंग सर्किल के अंतर्गत निंगपिंग गांव के पास न्यो कोरो में स्थित आरसीसी पुल का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह से बह गया हैं। यह पुल पीएमजीएसवाई कनेक्टिविटी के तहत चेतम सर्किल और नीलिंग सर्किल के कई गांवों के बीच एक महत्वपूर्ण संपर्क कड़ी का काम करता था।

निंगपिंग गांव में अचानक आई बाढ़ के कारण 7 कच्चे और 1 पक्के मकान, कृषि क्षेत्र और पशुधन कै नुकसान पहुंचा है।

लोंगते गांव और गिबा मुख्यालय के बीच का एक और पुल भी पूरी तरह बह गया है, जिससे वर्गे गांव से आगे स्थित गांवों का संपर्क टूट गया है। प्रभावित क्षेत्रों से कृषि क्षेत्रों, बागवानी उद्यानों और पशुधन को भी व्यापक नुकसान की सूचना मिली है।

जिला प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है और नुकसान का आकलन जारी है।

जिला प्रबंधन विभाग ने नदी में मछली पकड़ने, मछली इकट्ठा करने, जलाऊ लकड़ी और बाढ़ के पानी से बहकर आई लकड़ी के लिए न जाने की सलाह जारी की है, क्योंकि इससे जान-माल का खतरा है।

संपर्क बहाल करने और राहत सहायता के लिए आवश्यक उपाय प्राथमिकता के आधार पर शुरू किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी