बदरुद्दीन अजमल हर मुख्यमंत्री के साथ रहे करीबी, हितेश्वर सैकिया के समय सरकारी जमीन अपने नाम कराई: रकीबुल हुसैन
गुवाहाटी, 22 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस सांसद रकीबुल हुसैन ने एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल पर तीखा राजनीतिक हमला करते हुए आरोप लगाया कि अजमल के राज्य के हर मुख्यमंत्री के साथ अच्छे संबंध रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री हितेश्वर सैकिया के कार्यकाल में अजमल ने सरकारी जमीन अपने नाम करा ली थी। रकीबुल आज यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
रकीबुल हुसैन ने अजमल को निशाने पर लेते हुए कहा कि वह हर मुख्यमंत्री के साथ अच्छे संबंध बनाए रखते थे। कांग्रेस सांसद के इस बयान से बदरुद्दीन अजमल के राजनीतिक संबंधों और कथित तौर पर सरकारी जमीन अपने नाम कराने को लेकर राजनीतिक विवाद तेज होने के संकेत हैं।
रकीबुल ने आरोप लगाया कि हर बार राज्य में चलाए जाने वाले बेदखली अभियान के बाद बदरुद्दीन अजमल मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को स्मारपत्र सौंपते हैं और उसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई और रकीबुल हुसैन को गाली देते हैं।
हुसैन के आरोपों ने असम की राजनीति में एक बार फिर कांग्रेस और एआईयूडीएफ के बीच बयानबाजी को हवा दे दी है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

