प्रांतीयकृत नगरपालिका कर्मचारियों के लंबित वेतन जल्द जारी होंगे: मंत्री कौशिक राय
गुवाहाटी, 19 अगस्त (हि.स.)। असम के आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री कौशिक राय ने बुधवार को राज्यभर के प्रांतीयकृत नगरपालिका कर्मचारियों के पिछले पांच महीनों से लंबित वेतन को जल्द जारी करने का आश्वासन दिया।
मंत्री के कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रांतीयकृत नगरपालिका कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में कर्मचारियों के लंबित वेतन सहित अन्य संबंधित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रतिनिधियों ने वेतन में देरी के कारण कर्मचारियों को हो रही परेशानियों से मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने वेतन के नियमित प्रावधान और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी रखी।
विस्तृत चर्चा के बाद मंत्री कौशिक राय ने आश्वासन दिया कि पिछले पांच महीनों का लंबित वेतन शीघ्र जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में वेतन का नियमित और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
मंत्री ने कहा कि नगरपालिका कर्मचारियों की समस्याओं पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है और उनके मुद्दों के शीघ्र समाधान के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में आवास एवं शहरी मामलों के विभाग के सचिव तथा नगरपालिका प्रशासन के प्रभारी निदेशक टंकेश्वर दास सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

