home page

पूसीरे ने 35 स्वच्छता दूतों का किया सम्मान

 | 
पूसीरे ने 35 स्वच्छता दूतों का किया सम्मान


-पर्यावरण-अनुकूल पहलों को दिया जा रहा बढ़ावा

गुवाहाटी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के तहत, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने 35 स्वच्छता दूतों को सम्मानित किया है। इस पहल के माध्यम से, स्वच्छता और साफ-सफाई को बढ़ावा देने में उनके योगदान को मान्यता देने के साथ-साथ दैनिक जीवन में पर्यावरण के अनुकूल तौर-तरीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया है कि 13 अक्टूबर को गुवाहाटी के मालीगांव स्थित अपने मुख्यालय परिसर में आयोजित इस सम्मान समारोह का नेतृत्व पूसीरे के प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर उत्तम प्रकाश ने किया। उन्होंने 'स्वच्छता दूतों' को कपड़े के थैले बांटे, जो उनके काम की सराहना और उन्हें प्रोत्साहित करने का एक माध्यम था। इस पहल के तहत प्लास्टिक कचरा को कम करने और एक स्वच्छ व हरित पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए, पॉलीथीन की थैलियों के स्थान पर पुनः उपयोग होने वाले कपड़े के थैलों के महत्व पर ज़ोर दिया गया। साथ ही, स्वच्छता दूतों को कार्यावधि के दौरान अपने स्वास्थ्य और भलाई का ध्यान रखने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया।

इस कार्यक्रम में मुख्य कारखाना इंजीनियर पार्थ प्रतिम राय,मुख्य रोलिंग स्टॉक इंजीनियर (कोचिंग) एससी प्रसाद, मुख्य रोलिंग स्टॉक इंजीनियर (फ्रेट) भबेन नाथ, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (योजना) कपिल जांभुलकर, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (ईएनएचएम) एम कलिमुथु और मुख्य मोटिव पावर इंजीनियर (डीज़ल) शिवाजी एन कदम सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के दौरान, पूसीरे स्वच्छता तौर-तरीकों को सुदृढ़ करने, पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और रेल परिसरों को साफ-सुथरा व स्वच्छ बनाए रखने में रेल कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए कई तरह के कार्य कर रहा है। इन पहलों के माध्यम से, पूसीरे बेहतर आदतों, कचरा प्रबंधन और एक स्वच्छ व हरित रेलवे वातावरण के लिए रेल कर्मचारियों की सामूहिक प्रतिबद्धता को निरंतर बढ़ावा दे रहा है। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय