पूजा के मौसम में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में उमड़ रही पर्यटकों की भीड़
गोलाघाट (असम), 25 अक्टूबर (हि.स.)। वर्तमान समय में पूरे देश में उत्सव एवं पूजा का माहौल है, ऐसे समय में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में पर्यटकों की भारी भीड़ देखी जा रही है। शनिवार को उद्यान के बागरी वन क्षेत्र में प्रवेश मार्ग से राष्ट्रीय राजमार्ग तक जीप की लंबी कतार लग गई। पिछले 3 अक्टूबर को 2026-27 पर्यटन वर्ष की शुरुआत होने के बाद, काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के कहंरा, बागरी और अगरातली वन क्षेत्रों में भी देशी और विदेशी पर्यटकों की भीड़ देखी गयी है।
काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के डीएफओ अरुण विग्नेश के अनुसार पर्यटकों के लिए राष्ट्रीय उद्यान खोलने के दिन से लेकर पूजा के समय तक लगभग बीस हजार पर्यटक राष्ट्रीय उद्यान में जीप सफारी कर चुके हैं। इनमें चार विदेशी पर्यटक हैं। तुलनात्मक रूप से इस बार पूजा के समय पर्यटकों की भीड़ पिछले साल की तुलना में ज्यादा है। डीएफओ अरुण विग्नेश ने नवंबर माह के पहले सप्ताह में हाथी सफारी खोलने की संभावना व्यक्त की है। इसके लिए सभी तैयारियां राष्ट्रीय उद्यान अधिकारियों द्वारा शुरू कर दी गई हैं।
उन्होंने बताया है कि निजी हाथी सफारी के लिए संबंधित लोगों से दस्तावेज संग्रह किये गए हैं। इसके अलावा, निजी सफारी के लिए हाथियों को काजीरंगा लाया गया है। हालांकि, हाथियों को स्वास्थ्य जांच के बाद ही निर्धारित नियमों के तहत सफारी की अनुमति मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

