देबब्रत सैकिया ने हिमंत बिस्व सरमा को दी बधाई, असम के अहम मुद्दों पर कार्रवाई की मांग
गुवाहाटी, 11 मई (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं विधानसभा में पूर्व विपक्षी दल के नेता देवब्रत सैकिया ने सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की 2026 असम विधानसभा चुनाव में जीत पर बधाई दी। साथ ही उन्होंने राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण और लंबित मुद्दों पर नई सरकार से त्वरित पहल करने की अपील की।
11 मई को लिखे गए एक खुले पत्र में सैकिया ने डॉ. सरमा को नई पारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में अगले पांच वर्षों के दौरान असम में शांति, विकास और स्थिरता का वातावरण मजबूत होगा।
बधाई संदेश के साथ-साथ सैकिया ने कई संवेदनशील मुद्दों की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने असम समझौते को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा अवैध घुसपैठियों के निर्वासन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की मांग की।
उन्होंने असम की छह स्वदेशी समुदायों को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की प्रक्रिया में तेजी लाने की भी अपील की और कहा कि यह मामला लंबे समय से लंबित है।
हालिया विधानसभा चुनाव के दौरान राज्य के सामाजिक माहौल का उल्लेख करते हुए सैकिया ने आरोप लगाया कि विभिन्न समुदायों और भाषाई समूहों के बीच विभाजन और तनाव की स्थिति उभरकर सामने आई। उन्होंने नई सरकार से सामाजिक सौहार्द बहाल करने और व्यापक असमिया पहचान को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाने का आग्रह किया।
कांग्रेस नेता ने असम के प्रसिद्ध गायक जुबीन गर्ग की मौत की जांच में तेजी लाने की मांग भी की तथा जांच प्रक्रिया के दौरान उनके परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की अपील की।
पत्र के अंत में सैकिया ने डॉ. सरमा को असम के मुख्यमंत्री के रूप में सफल, जनोन्मुखी और सौहार्दपूर्ण कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

