home page

दाओहारु मुंख्लोंग ट्रॉफी के तहत नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा को लेकर निकाली गई जागरूकता रैली

 | 

कोकराझार (असम), 03 नवम्बर (हि.स.)। कोकराझार जिले के दोतमा में नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने और सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। 28वीं दाओहारु मुंख्लोंग ट्रॉफी फुटबॉल प्रतियोगिता के अवसर पर दाओहारु मुंख्लोंग ट्रॉफी आयोजन समिति की पहल पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, खेल प्रेमियों तथा आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने लोगों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने तथा युवाओं को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से बचाने की अपील की।

इसके साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। रैली के माध्यम से दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने का आह्वान किया गया।

आयोजकों ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना और समाज से नशीले पदार्थों के सेवन को समाप्त करने की दिशा में सामूहिक प्रयास करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। वहीं, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रत्येक नागरिक को यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश भी दिया गया।

खेल प्रतियोगिता के साथ सामाजिक जागरूकता को जोड़ने की इस पहल को स्थानीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा