दस मार्च को महाराजा पृथु फ्लाईओवर का लोकार्पण करेंगे मुख्यमंत्री
गुवाहाटी, 24 फरवरी (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा 10 मार्च को नूनमाटी–दीघलीपुखुरी फ्लाईओवर का लोकार्पण करेंगे। यह बहुप्रतीक्षित परियोजना राज्य के शहरी बुनियादी ढांचे के विकास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। मुख्यमंत्री ने बीती रात एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया को इसकी जानकारी दी।
महाराजा पृथु फ्लाईओवर के नाम से निर्मित यह फ्लाईओवर लगभग छह किलोमीटर लंबा है और इसे 850 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इसके शुरू होने से गुवाहाटी शहर में यातायात जाम की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।
नूनमाटी से दीघलीपुखुरी तक सीधी और तेज संपर्क सुविधा प्रदान करने वाला यह उड़ान पुल शहर के प्रमुख हिस्सों को जोड़ेगा। मुख्यमंत्री 10 मार्च को औपचारिक रूप से इसका लोकार्पण करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

