तेरह नवंबर से शुरू होगा चौथा प्रागज्योतिषपुर साहित्य महोत्सव, असम की सांस्कृतिक विरासत पर होगा मंथन
गुवाहाटी, 10 नवंबर (हि.स.)। असम की समृद्ध साहित्यिक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चौथा प्रागज्योतिषपुर साहित्य महोत्सव 13 से 15 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय यह महोत्सव गौहाटी विश्वविद्यालय परिसर स्थित फणीधर दत्ता सेमिनार हॉल में आयोजित होगा।
शंकरदेव एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस महोत्सव का मुख्य विषय 'इन सर्च ऑफ रूट्स' (जड़ों की तलाश) रखा गया है। इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को असम की समृद्ध साहित्यिक परंपराओं और प्राचीन कामरूप साम्राज्य की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।
सितंबर 2023 में अपनी शुरुआत करने वाला यह महोत्सव पिछले कुछ वर्षों में एक महत्वपूर्ण साहित्यिक मंच के रूप में उभरा है। इसके दूसरे और तीसरे संस्करण का आयोजन दिसंबर 2024 तथा नवंबर 2025 में श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में भव्य स्तर पर किया गया था।
महोत्सव के दौरान मुख्य व्याख्यान, छह विशेष परिचर्चाएं, कार्यशालाएं, पुस्तक मेला और बहुभाषी काव्य पाठ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उद्घाटन सत्र में गौहाटी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ननी गोपाल महंत मुख्य व्याख्यान देंगे। डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय की सेवानिवृत्त प्रोफेसर प्रो. करबी डेका हजारिका मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। प्रागज्योतिषपुर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल राणा प्रताप कलिता (सेवानिवृत्त) स्वागत भाषण देंगे।
तीन दिनों के दौरान आयोजित छह विशेष परिचर्चाओं में असम के विभिन्न हिस्सों से आए लेखक और शोधकर्ता समाज, इतिहास, पर्यावरण, साहित्य तथा सिनेमा से जुड़े समकालीन विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण बहुभाषी काव्य कार्यक्रम 'काव्य कावेरी' होगा, जिसका आयोजन 13 और 14 नवंबर की शाम को किया जाएगा। इसमें स्थानीय तथा उभरते कवियों को अपनी मौलिक रचनाएं प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 15 नवंबर को विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता और कविता पाठ कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इस कार्यशाला का संचालन प्रसिद्ध प्रशिक्षक अबनी बोरा करेंगे।
महोत्सव का समापन समारोह विशेष रूप से आयोजित किया जाएगा, जिसमें नगालैंड के उच्च शिक्षा मंत्री तेमजेन इमना अलोंग, प्रख्यात नाटककार प्रो. पोना महंत और इंडिया टुडे के प्रबंध संपादक तथा इंडिया टुडे नॉर्थईस्ट के संपादक कौशिक डेका विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
समापन समारोह में साहित्य जगत में उल्लेखनीय योगदान के लिए दो प्रतिष्ठित साहित्यकारों को प्रागज्योतिषपुर साहित्य पुरस्कार और प्रागज्योतिषपुर युवा साहित्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, यह महोत्सव साहित्य, रचनात्मकता और सांस्कृतिक विमर्श का महत्वपूर्ण मंच बनेगा तथा नई पीढ़ी को असम की समृद्ध सभ्यतागत जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने में मदद करेगा।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

