तिनसुकिया मंडल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चौबीसों घंटे बहाली का कार्य जारी
गुवाहाटी, 25 जुलाई (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) जल्द से जल्द सामान्य रेल सेवा बहाल करने के लिए तिनसुकिया मंडल के अधीन बाढ़ प्रभावित सेक्शनों में युद्धस्तर पर व्यापक पैमाने पर बहाली का कार्य कर रहा है। सभी प्रभावित स्थानों पर बड़ी संख्या में कर्मचारियों और मशीनों को तैनात कर चौबीसों घंटे बहाली का कार्य निरंतर चल रहा है।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया है कि शिमलगुड़ी और लाकुवा के बीच (किमी 427/7-11 और अन्य प्रभावित स्थानों पर), किनारे की सुरक्षा और संरचना को मजबूत करने का कार्य चल रहा है। प्रभावित स्थल के पास एक बैलास्ट रेक रखा गया है और प्रभावित रेल संरचना को मज़बूती प्रदान करने के लिए वैगन से बोल्डर उतारने का कार्य जारी है। शिमलगुड़ी-नामतिआलि सेक्शन (कि.मी. 416/6-10, 417/3-14, 415/4-6 और 418/4-6) में, सेक्शन को पुनर्बहाल करने के लिए स्टोन डस्ट और बोल्डर अनलोडिंग के साथ-साथ रेल संरचनाओं को ठीक करने का कार्य भी चल रहा है।
आमगुड़ी-सेलेंगहाट सेक्शन (कि.मी. 392/2-394/2) में भी सुरक्षा और मज़बूती का काम चल रहा है, जहाँ प्रभावित क्षेत्रों को सुदृढ़ करने के लिए रेत की बोरियों, बांस की पाइलिंग और रेल पाइलिंग का उपयोग किया जा रहा है। इन कामों के साथ-साथ सैंडबैग, रेल और बोल्डर परिवहन और लोडिंग का काम भी जारी है। शिमलगुड़ी-शिवसागर टाउन सेक्शन (कि.मी. 7/11-12 और 7/13-16) में बांस की पाइलिंग और किनारे की सुरक्षा का काम चल रहा है, जबकि ट्रैक संरचना को मज़बूत करने और बहाली के काम में तेज़ी लाने के लिए निरंतर बैलास्ट लाए जा रहे है।
कुल मिलाकर, बहाली के कार्य में तेज़ी लाने के लिए सभी प्रभावित स्थानों पर 700 से अधिक मज़दूरों और पोकलेन एवं जेसीबी जैसी कई भारी मशीनों को तैनात किया गया है। क्षतिग्रस्त रेल संरचना को मज़बूत करने के लिए बैलास्ट, बोल्डर, सैंडबैग, स्टोन डस्ट और रेल जैसी सामग्रियाँ निरंतर परिवहन कर उसे उपयोग में लाया जा रहा है।
तिनसुकिया मंडल के वरिष्ठ रेल अधिकारी बहाली के कार्य पर निरंतर नज़र रखते हुए यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कार्य में बेहतर समन्वय हो, संसाधन समय पर लगाए जाएं और सुरक्षा के नियमों का पालन हो। ट्रेनों का परिचालन सुरक्षित और जल्द से जल्द शुरू करने के उद्देश्य से बहाली का काम चौबीसों घंटे किया जा रहा है।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे कम से कम समय में बहाली का काम पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है, साथ ही रेल इंफ्रास्ट्रक्चर और यात्रियों की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

