तामुलपुर में जंगली हाथियों के झुंड की आवाजाही को लेकर प्रशासन की चेतावनी
तामुलपुर (असम), 01 अक्टूबर (हि.स.)। तामुलपुर जिले के विभिन्न इलाकों में जंगली हाथियों के झुंड की आवाजाही को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की है। प्रशासन ने हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा उनकी स्वाभाविक आवाजाही में किसी तरह की बाधा नहीं डालने का आग्रह किया है।
जिला प्रशासन के संज्ञान में आया है कि कुछ लोग हाथियों के झुंड के पास एकत्र होकर उन पर टॉर्च की रोशनी डाल रहे हैं। झुंड में हाथियों के बच्चे भी शामिल हैं। ऐसी गतिविधियों से हाथी घबरा सकते हैं और बच्चे झुंड से अलग हो सकते हैं, जिससे मानव-हाथी संघर्ष की आशंका बढ़ सकती है।
प्रशासन ने लोगों से हाथियों पर टॉर्च की रोशनी नहीं डालने, उनके पास भीड़ नहीं लगाने तथा उनका पीछा या उन्हें खदेड़ने से बचने को कहा है। साथ ही हाथियों के आवागमन वाले मार्गों पर बिना अनुमति बिजली के तारों से बाड़ लगाने या अनधिकृत सौर ऊर्जा संचालित बाड़ लगाने अथवा उसका इस्तेमाल करने से भी बचने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने हाथियों को खदेड़ने या उनकी आवाजाही में बाधा डालने के लिए पटाखे नहीं फोड़ने और आग नहीं जलाने की भी अपील की है। जिला प्रशासन ने लोगों से हाथियों को बिना किसी भय या अवरोध के अपने प्राकृतिक मार्ग से गुजरने देने तथा मानव जीवन और वन्यजीवों, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग करने का आग्रह किया है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

